छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, बस्तर में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बाद मौसम शुष्क बना हुआ है। इस बीच 15 अक्टूबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में मौसम बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रदेश में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रह सकता है।

मौसम में बदलाव की वजह उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन को माना जा रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बादल छाने, हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

सिस्टम का असर खत्म होने पर बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, मौसमी सिस्टम का प्रभाव खत्म होने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ने के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे आने वाले दिनों में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। फिलहाल दिन में गर्मी और रात में अपेक्षाकृत ठंडक का दौर जारी है।

रायपुर में 33 डिग्री के पार तापमान

प्रदेश में मंगलवार को रायपुर में सबसे अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश नहीं होने और हवा में नमी के कारण लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। बीते 24 घंटे में रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। दोपहर के समय तेज धूप के कारण तपिश महसूस होगी।

↑
Exit mobile version