StateNewsदेश - विदेश

देश में बदला मौसम का मिजाज: MP में बारिश अलर्ट, राजस्थान में पारा 30 डिग्री पार, उत्तराखंड में माइनस 24 डिग्री

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पहाड़ी और मैदानी राज्यों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश में फरवरी के महीने में चौथी बार बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण मंडला, डिंडौरी समेत 7 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में 15 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

वहीं राजस्थान में सर्दी का असर कम होने लगा है। शनिवार को 10 से अधिक शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में तापमान का अंतर साफ दिख रहा है। उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्रों में पारा शून्य से काफी नीचे बना हुआ है। मुनस्यारी में तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गंगोत्री, बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और हर्षिल में भी कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। हालांकि फिलहाल बर्फबारी का अलर्ट नहीं है।

इधर जम्मू-कश्मीर में फरवरी का सबसे गर्म दिन 21 फरवरी को रिकॉर्ड किया गया, जब दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 10 डिग्री अधिक है।

अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। देश में एक साथ गर्मी, बारिश और कड़ाके की ठंड का यह अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button