देशभर में मौसम का कहर: राजस्थान में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, बिहार-छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। राजस्थान के जैसलमेर में सोमवार को 46.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में अब तक का सबसे ज़्यादा तापमान है। इससे पहले 2018 में 46.1 डिग्री तापमान था। बाड़मेर में पारा 46.4 डिग्री पहुंच गया, जबकि जोधपुर में 44.4 डिग्री रहा।

राजस्थान के ज्यादातर जिलों में गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिन और लू चलेगी, लेकिन 1 मई से आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। एमपी में 2 मई तक और यूपी में 3 मई तक बूंदाबांदी हो सकती है। यूपी के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे चला गया है और लखनऊ में बादल छाए हैं।

बिहार और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी है। बिहार के 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ओले भी गिरे हैं, जिससे तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट आई है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।

ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में काल बैसाखी के कारण तेज तूफान और बारिश हो रही है। सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पर्यटकों के लिए यात्रा का नया समय तय किया गया है।देशभर में मौसम कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश की वजह से चुनौती बना हुआ है।

Exit mobile version