दिल्ली। मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में गर्मी तेज होने लगी है। राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। विशेष रूप से राजस्थान में गर्मी तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है।
यहां के बाड़मेर जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि दिन का तापमान करीब 39 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर में बने प्रतिचक्रवात (एंटी साइक्लोन) के कारण गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
वहीं मध्य प्रदेश में भी गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया है। इंदौर और उज्जैन संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की गई, जबकि रात का न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री दर्ज किया गया।
इसी तरह हरियाणा में भी तापमान बढ़कर लगभग 33 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दिन में गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में मौसम जल्द बदल सकता है। उत्तराखंड के देहरादून में दिन का तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि अल्मोड़ा में सुबह के समय हल्की धुंध देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ों में मौसम बदलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 6 और 7 मार्च को जम्मू एंड कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और मौसम सुहावना हो सकता है।
