राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हम सब एकजुट : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

तिरंगा यात्रा में हजारों लोग शामिल, देशभक्ति और एकता का दिया संदेश
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शामिल होकर देश की एकता और सुरक्षा के प्रति नागरिकों की जागरूकता को सराहा। उन्होंने कहा कि जब बात राष्ट्रीय सुरक्षा की हो, तो हम सब एक हैं। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकियों के 9 ठिकानों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने सेना के साहस, पराक्रम और प्रधानमंत्री की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब किसी भी चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम है।
तिरंगा यात्रा में सेवानिवृत्त सैनिकों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों और समाज के हर वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार नागरिक शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” के नारों के साथ देशभक्ति का प्रदर्शन किया। यह यात्रा मरीन ड्राइव से नगर घड़ी चौक तक निकाली गई।
लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत एक नया मुकाम छू रहा है। जगदलपुर विधायक श्री किरण देव ने ऑपरेशन सिंदूर को बहादुरी और मातृशक्ति के प्रति श्रद्धांजलि बताया। कार्यक्रम के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने कहा कि देश की रक्षा के लिए 140 करोड़ भारतीय एकजुट हैं और सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं। इस मौके पर कई मंत्री, विधायक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।