Raipur:स्कूल के पीछे मिले नर कंकाल की हुई शिनाख्त, बीमार होने के बाद अस्पताल में था भर्ती, फिर अचानक हुआ गायब, मौत के कारणों की पुष्टि नहीं

रायपुर। राजधानी में गुरुवार को स्कूल के पीछे मिले नर कंकाल की शिनाख्त 58 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। वह आरंग के गनोद गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अधेड़ बीमार था। जिसके बाद वह अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान वह अस्पताल से अचानक गायब हो गया। हालांकि उसकी मौत का कारण अभी नहीं पता चल सका है। पुलिस को अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम उमरिया में मयूर स्कूल के पीछे चिकुटिया तालाब पार में नर कंकाल मिला था। हडि्डयां पूरी तरह से पैंट-शर्ट से ढंकी हुई थी। ऐसा लग रहा था कि वहीं पर मौत होने के बाद शव पड़ा रहा। शव के पास से ही पुलिस को शराब की खाली बोतल, पानी पाउच, डिस्पोजल और कीटनाशक भी मिला था। ऐसे में आशंका जताई गई थी कि जिस व्यक्ति का नर कंकाल है, उसने खुदकुशी की होगी।