गुजरात निकाय चुनाव में मतदान आज: 9,992 उम्मीदवार मैदान में, 4.18 करोड़ मतदाता तय करेंगे किसकी बनेगी सरकार

दिल्ली। गुजरात में आज स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान हो रहा है, जिसे राज्य की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी।

जरूरत पड़ने पर कुछ स्थानों पर पुनर्मतदान भी कराया जाएगा, जबकि मतगणना 28 अप्रैल को होगी। यह चुनाव आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है।

राज्य की 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए कुल 9,992 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट जैसे बड़े शहर शामिल हैं।

करीब 4.18 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्थानीय सरकार की दिशा तय करेंगे। हालांकि गांधीनगर और जूनागढ़ में कार्यकाल पूरा नहीं होने के कारण वहां चुनाव नहीं हो रहे हैं।

पिछले 2021 के चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8,470 में से 6,236 सीटें जीती थीं और अधिकांश निकायों पर कब्जा जमाया था। इस बार भी भाजपा उसी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश में है।

वहीं कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष कर रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इस बार करीब 5,000 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका भी लगा, जब नवसारी जिले में समय पर मैंडेट जमा नहीं करने के कारण 32 सीटों पर उसके उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हो गए। इससे पार्टी की रणनीति पर असर पड़ सकता है।

इस चुनाव में ओबीसी आरक्षण और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें भी बड़ा फैक्टर हैं। लगभग 2,286 सीटें ओबीसी और 5,000 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। साथ ही स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के बाद 68 लाख मतदाताओं की संख्या में कमी आई है, जिसका असर परिणामों पर पड़ सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुकाबला सीधा होगा या त्रिकोणीय, और किस पार्टी को जनता का जनादेश मिलता है।

Exit mobile version