ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट अपडेट: 27 लाख नाम हटने के बाद 2.74 लाख नए आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता होने का दावा किया था।

इसके तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई थी और मतदाता जो लिस्ट से बाहर हुए थे, उनसे दावा-आपत्ति मांगी गई।

एसआईआर प्रक्रिया के बाद मतदाताओं ने अपने नाम जोड़ने के लिए आवेदन फॉर्म भरना शुरू कर दिया। आयोग के अधिकारियों के अनुसार, अब तक 2 लाख 74 हजार से अधिक लोगों ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म भरे हैं।

इन फॉर्म की जांच और सत्यापन (स्क्रूटनी) के बाद अंतिम वोटर लिस्ट में नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे।

SIR प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू हुई और लगभग 45 दिन तक चली। इस दौरान हजारों बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया।

जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं थे, उन्हें आयोग की तरफ से नोटिस जारी कर पुनः नाम जोड़ने का अवसर दिया गया। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक चलेगी, जबकि वेरिफिकेशन 14 फरवरी 2026 तक पूरा होगा। अंतिम वोटर लिस्ट 21 फरवरी 2026 को पब्लिश की जाएगी।

SIR प्रक्रिया में कुल 27,34,817 नाम हटाए गए थे। इनमें 6,42,234 मृतक मतदाता, 1,75,000 दोहरी प्रविष्टि वाले नाम और 19,13,540 शिफ्ट या अनुपस्थित मतदाता शामिल थे।

नाम हटने के बाद आयोग ने दावा-आपत्ति आमंत्रित की, ताकि पात्र मतदाताओं को अंतिम लिस्ट में शामिल किया जा सके।

मतदाताओं ने फार्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज करवाई। योग्य पाए जाने पर इनके नाम दोबारा वोटर लिस्ट में जोड़ दिए जाएंगे, जिससे राज्य की मतदाता संख्या में वृद्धि होगी।

Related Articles

Back to top button