विवेक शर्मा बने छत्तीसगढ़ के नए महाधिवक्ता: रिटायर्ड जज के बेटे, RSS से पुराना जुड़ाव

45 वर्ष में मिले राज्य के शीर्ष विधि पद की जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने एडिशनल एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा को राज्य का नया महाधिवक्ता (Advocate General) नियुक्त किया है।

शुक्रवार देर शाम राज्यपाल रमेन डेका ने पूर्व महाधिवक्ता प्रफुल्ल कुमार भारत का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया और उसके बाद विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने दो अलग-अलग आदेश जारी किए। पहले आदेश में प्रफुल्ल भारत का इस्तीफा स्वीकार किया गया, वहीं दूसरे में विवेक शर्मा की नियुक्ति की अधिसूचना जारी हुई।

विवेक शर्मा इससे पहले हाईकोर्ट में अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। 45 वर्षीय विवेक छत्तीसगढ़ के अब तक के सबसे कम उम्र के महाधिवक्ता बन गए हैं। उन्हें अत्यंत सक्षम, व्यवहार कुशल और जटिल कानूनी मामलों को सुलझाने में माहिर माना जाता है। दैनिक भास्कर डिजिटल ने तीन दिन पहले ही संकेत दे दिए थे कि विवेक शर्मा नए एजी बन सकते हैं।

विवेक शर्मा कानून और न्याय क्षेत्र से गहरा पारिवारिक रिश्ता रखते हैं। वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज के पुत्र हैं। उनके परिवार का आरएसएस (RSS) से भी लंबे समय का जुड़ाव रहा है, और जानकारों का कहना है कि नए एजी की नियुक्ति में इस पहलू को भी महत्व मिला है।

राज्य के महाधिवक्ता का काम शासन की ओर से हाईकोर्ट में मामलों की पैरवी करना और महत्वपूर्ण विधिक सलाह देना होता है। इस समय महाधिवक्ता कार्यालय में 6 एडिशनल एजी, 7 डिप्टी एजी, 12 गवर्नमेंट एडवोकेट और 11 डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट सहित करीब 100 पैनल वकील कार्यरत हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नए महाधिवक्ता के चयन के लिए तीन नामों यशवंत ठाकुर, विवेक शर्मा और सीनियर एडवोकेट मनोज परांजपे पर विचार किया गया था। अंत में विवेक शर्मा का नाम आगे बढ़ाया गया। अब उनकी नियुक्ति के बाद हाईकोर्ट में राज्य सरकार की कानूनी रणनीतियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version