IPL में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बने विराट कोहली, रोहित-दोनी पीछे; KKR सबसे वैल्युएबल टीम

दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

फैनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन इंडिया की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक कोहली अब तक IPL से करीब 230 करोड़ रुपए की कमाई कर चुके हैं। 2008 से शुरू हुई लीग के पहले सीजन से ही वह RCB के साथ जुड़े हुए हैं।

सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की सूची में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित ने IPL से 227.2 करोड़ रुपए कमाए हैं।

वहीं एमएस धोनी 200 करोड़ रुपए की कमाई के साथ तीसरे स्थान पर हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि धोनी आज भी IPL और भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े कॉमर्शियल आइकन्स में शामिल हैं।

महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना 13.7 करोड़ रुपए की कमाई के साथ टॉप पर हैं। हालांकि देश की टॉप 10 महिला क्रिकेटरों की कुल कमाई 90 करोड़ रुपए है, जो अकेले विराट कोहली की IPL कमाई से भी काफी कम है।

फ्रेंचाइजी वैल्युएशन की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स देश की सबसे मूल्यवान IPL टीम बन गई है। शाहरुख खान और जूही चावला की इस टीम की वैल्यू करीब 19,200 करोड़ रुपए आंकी गई है।

इसके बाद मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स हैं, जिनकी वैल्यू लगभग 18,400 करोड़ रुपए बताई गई है।

रिपोर्ट के अनुसार IPL की सभी 10 फ्रेंचाइजी का कुल वैल्युएशन अब 1.63 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। ब्रॉडकास्टिंग, स्पॉन्सरशिप, टिकटिंग और डिजिटल कंटेंट के जरिए IPL अब दुनिया की बड़ी स्पोर्ट्स लीग्स को टक्कर दे रही है।

Exit mobile version