दुर्ग/भिलाई। नवरात्रि पर शनिवार शाम शीतला मंदिर कैंप 2 से निकली माता की चुनरी यात्रा के दौरान भिलाई में दो समुदायों में मारपीट हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद बच्चों के बीच गाली-गलौज से शुरू हुआ, लेकिन बाद में इसमें बड़े लोग भी शामिल हो गए। घटना शारदा पारा इलाके की है। झगड़े में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो का सिर फट गया।
चुनरी यात्रा में शामिल कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया। वहीं विरोधी पक्ष ने पत्थर, पाइप और बांस से मारपीट करने का आरोप लगाया। इस मामले में साहिल कुरैशी और सोनू कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को सिर और चेहरे पर चोटें लगी हैं।
घटना के बाद आधी रात को बजरंग दल और अन्य समाजिक संगठन छावनी थाने का घेराव करने पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर थाना परिसर के चारों तरफ फोर्स तैनात कर दिया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि नाबालिग बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद ही इस हिंसा की शुरुआत थी।
सोनकर समाज ने नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर चुनरी यात्रा निकाली थी। यात्रा शीतला मंदिर से शुरू होकर गायत्री मंदिर तक गई। यात्रा के दौरान बच्चे प्रसाद बांट रहे थे, इसी बीच विवाद बढ़ा और मारपीट, चाकूबाजी जैसी हिंसक घटना हुई।
घायलों में मुकेश सोनकर, आकाश सोनकर, कमल सोनकर और उमेश सोनकर शामिल हैं। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और सभी आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। थाना परिसर में देर रात तक पुलिस बल और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। इस घटना से न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, बल्कि धार्मिक आयोजन में साम्प्रदायिक तनाव की भी आशंका जताई जा रही है।