भिलाई SLRM सेंटर में पार्टी का VIDEO वायरल: स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी फिल्मी गाने पर डांस करते दिखे, निगम ने जारी किया नोटिस

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में जोन-4 खुर्सीपार स्थित SLRM (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जोन-4 के प्रभारी जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी और विभाग के कुछ कर्मचारी सेंटर परिसर में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कथित तौर पर शराब और कुछ आपत्तिजनक गतिविधियां भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

वीडियो में स्वास्थ्य अधिकारी कमर में गमछा बांधे और चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा अधिकारी और कर्मचारी फिल्मी गाने ‘आई एम अ डिस्को डांसर’ पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

कचरा प्रबंधन के लिए बनाया गया है सेंटर

SLRM सेंटर शहर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करने और उसके प्रबंधन से जुड़े काम के लिए बनाए जाते हैं। यहां निगम के कर्मचारी और सफाईकर्मी काम करते हैं। ऐसे में सेंटर परिसर में पार्टी और कथित तौर पर शराब सेवन का वीडियो सामने आने से निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

वीडियो वायरल हुआ तो निगम ने मांगा जवाब

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचा। निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। उनसे तय समय सीमा के भीतर जवाब देने को कहा गया है।

नोटिस में सेंटर परिसर में इस तरह की गतिविधियां होने और पार्टी किए जाने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो निगम प्रशासन जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल मामले में निगम की जांच और अधिकारियों के जवाब का इंतजार है।

Exit mobile version