कांकेर के रहने वाले नाग पहले रह चुके हैं प्रदेश उपाध्यक्ष, नितिन नवीन के निर्देश पर जारी हुई नियुक्ति सूची
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी भूपेंद्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी नियुक्ति सूची में नाग को राष्ट्रीय संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश स्तर पर युवा मोर्चा में काम करने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को भाजयुमो के राष्ट्रीय नेतृत्व में प्रतिनिधित्व मिला है।
भूपेंद्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन में प्रदेश स्तर पर काम करने का अनुभव रखने वाले नाग अब राष्ट्रीय स्तर पर युवा मोर्चा की गतिविधियों में भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति को प्रदेश के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर 7 नेताओं की नियुक्ति
भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम में भूपेंद्र नाग के अलावा छह अन्य नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा शामिल हैं।
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर 3 नाम
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर भी तीन नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बड़जेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिटल वामशी कृष्णा शामिल हैं।
भाजपा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। राष्ट्रीय टीम में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को शामिल कर संगठन ने युवा मोर्चा के नेतृत्व का विस्तार किया है। छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग के लिए यह नियुक्ति प्रदेश की राजनीति से आगे राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।
