ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भूमकाल रैली में हिड़मा के गाने पर डांस का VIDEO वायरल

जगदलपुर में पुलिस मौजूदगी में बजा गीत; आयोजकों का दावा— यूट्यूब ऑटो प्ले से चला

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भूमकाल स्मृति दिवस पर निकली आदिवासी समाज की रैली के दौरान नक्सली माड़वी हिड़मा से जुड़े गाने पर लोगों के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक 11 फरवरी को आयोजित रैली में डीजे पर अलग-अलग ट्राइबल गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक “हमारी आवाज हिड़मा” से जुड़ा गीत बजने लगा। डीजे की धुन पर कई लोग झूमते और नाचते दिखाई दिए। उस समय रैली में भीड़ नियंत्रण के लिए जगदलपुर पुलिस की भी मौजूदगी थी।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। वहीं सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने सफाई देते हुए कहा कि यह गाना जानबूझकर नहीं बजाया गया। उन्होंने बताया कि डीजे ऑपरेटर यूट्यूब पर ट्राइबल सॉन्ग चला रहा था और ऑटो प्ले में गलती से यह गीत लग गया। उन्होंने कहा कि रात में जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर जांच की मांग भी की गई है।

बताया जा रहा है कि माड़वी हिड़मा नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और उस पर एक करोड़ रुपए से अधिक का इनाम घोषित था। वह सुकमा जिले के पूवर्ती गांव का रहने वाला था और नवंबर 2025 में आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीतारामा राजू जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। फिलहाल वीडियो को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच की बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button