ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धर्मांतरण विवाद में मारपीट और तोड़फोड़: पुलिस के सामने पिटाई का आरोप, पीड़ित बोले—112 पायलट ने गुंडे बुलाए

बिलासपुर। बिलासपुर में धर्मांतरण के आरोप को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरा पारा की है, जहां डायल-112 के पायलट पर पड़ोसी परिवार के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी में भी मारपीट की गई।

जानकारी के मुताबिक कुंदरा पारा निवासी मोहितराम खांडे अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके रिश्तेदार तोमन खांडे पास में ही रहते हैं और डायल-112 में पायलट के रूप में कार्यरत हैं। आरोप है कि तोमन खांडे पिछले कई वर्षों से ईसाई धर्म को मानते हैं और मोहितराम के परिवार पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे थे।

पीड़ित परिवार का कहना है कि विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि होली के दिन तोमन खांडे ने कुछ बाहरी लोगों को बुलाकर परिवार के साथ मारपीट की और उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चलने की बात सामने आई है। पीड़ितों का दावा है कि पूरी घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।

शुक्रवार को मोहितराम खांडे के परिवार की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग न्याय की मांग लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से वे डरे हुए हैं और पिछले करीब 12 दिनों से अपने घर में रहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि तोमन खांडे ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि जमीन से जुड़े पुराने विवाद के कारण मोहितराम और उनके परिजनों ने ही उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में उनके घर का सामान नुकसान हुआ और नगदी व जेवर भी गायब हो गए।

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती शिकायत में धर्मांतरण की बात सामने नहीं आई थी और दोनों परिवारों के बीच जमीन विवाद भी बताया गया था। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button