बर्तन, कपड़े, गैस सिलेंडर और चूल्हा भी उपलब्ध, मकान ढहने पर सहायता राशि भी प्रदान

रायपुर। दंतेवाड़ा में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास प्रदान करने में प्रशासन लगातार सक्रिय रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विदेश दौरे के दौरान भी वीडियो कांफ्रेंसिंग कर कलेक्टरों को प्रभावितों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए थे। आज मुख्यमंत्री के दंतेवाड़ा के चूड़ी टिकरापारा पहुँचने पर प्रभावितों ने प्रशासन और सरकार की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।

बाढ़ पीड़ित गुप्तेश्वरी कश्यप, शालिनी शर्मा, सविता पात्रे और लता सागर ने मुख्यमंत्री को बताया कि राहत शिविर में भोजन, इलाज और रहने की पूरी व्यवस्था है। अब प्रशासन ने राशन, बर्तन, कपड़े, गैस सिलेंडर और चूल्हा भी उपलब्ध कराया है। जिनके मकान ढह गए, उन्हें सहायता राशि भी दी गई है। प्रभावित परिवारों ने कहा कि घर बनने तक वे राहत शिविर में सुरक्षित रहेंगे।

इसी तरह रीता कश्यप, द्रोपदी नाग, कुंदन गुप्ता, महेश नाग और बबीता नाग ने भी सरकार के राहत कार्यों की सराहना की। इस दौरान चूड़ी टिकरापारा की सोमड़ी सोढ़ी मुख्यमंत्री से मिलते ही भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि बाढ़ से उनका घर डूब गया था और अस्पताल में भर्ती रहने की वजह से उनकी और बेटियों की जान बच गई। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए राशन, बर्तन, कपड़े और इलाज की सुविधा से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

सुरेश बघेल जैसे अन्य प्रभावित परिवारों ने भी बताया कि बाढ़ के बाद प्रशासन ने तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और बाद में राहत शिविर में आवश्यक सामान दिया। राशन, कपड़े, कंबल, बर्तन और चूल्हे जैसी सुविधाओं से लोगों को इस आपदा की घड़ी में बड़ी सहारा मिला है।

Exit mobile version