StateNewsदेश - विदेश

शाह बोले- ममता सरकार में ‘मां, माटी, मानुष’ असुरक्षित; भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा- इस बार भाजपा सरकार

दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ 2026 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में जीत का स्पष्ट लक्ष्य तय करने को कहा। शाह ने ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका नारा ‘मां, माटी, मानुष’ अब केवल शब्दों तक सीमित है और वास्तविकता में ये सुरक्षित नहीं हैं।

शाह ने महिलाओं की सुरक्षा, जमीन पर माफियाओं का कब्जा और पलायन को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए न सिर्फ अर्थव्यवस्था पर बोझ हैं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और बंगाल की सांस्कृतिक पहचान के लिए भी खतरा हैं। गृह मंत्री ने राज्य में भ्रष्टाचार के कई घोटालों का उल्लेख किया, जिनमें शिक्षक भर्ती, SSC, नगर निगम, कोयला, राशन, एमजीएनआरईजीए और पीएम आवास योजना घोटाले शामिल हैं।

शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान पर भी प्रकाश डाला। 2016 से 2025 के बीच 300 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता मारे गए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इन बलिदानों का फल दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा, “दिल पर लिख लो, इस बार हमारी सरकार।”

शाह ने कोलकाता और आसपास के 28 सीटों में से 22 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। इनमें जादवपुर, दमदम, मध्य कोलकाता की जोरासांको और श्यामपुकुर जैसी सीटें शामिल हैं। 2021 में भाजपा कोलकाता में एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। शाह का फोकस कोलकाता बेल्ट पर है, जिसमें कोलकाता, पूर्व और दक्षिण में उत्तर और दक्षिण 24 परगना और पश्चिम में हुगली के पार हावड़ा जिला शामिल हैं।

अमित शाह 30 और 31 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के दो दिनों के दौरे पर थे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ममता सरकार घुसपैठ को रोकने में विफल रही है और राज्य की योजनाएं ठप हैं। विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 तक है, और चुनाव मार्च-अप्रैल 2026 में होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button