ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

UPSC 2025: “होनहारों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान”, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद छत्तीसगढ़ के सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर राज्य का नाम रौशन किया है।

मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से रायपुर की वैभवी अग्रवाल, मनेंद्रगढ़ की दर्शना सिंह बघेल, धमतरी के डीएसपी डायमंड सिंह ध्रुव, रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया की उल्लेखनीय सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिश्रम निरंतर किया जाए, तो किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।

प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा
सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये सभी चयनित अधिकारी प्रशासनिक सेवाओं के माध्यम से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ के इन होनहार बेटे-बेटियों की सफलता राज्य में शिक्षा के स्तर और युवाओं की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे और प्रशासनिक ढांचे को अपनी नई सोच से मजबूती प्रदान करेंगे।

Related Articles

Back to top button