जम्मू-कश्मीर के स्कूलों की किताबों में आतंकी हाफिज सईद को ‘महान’ बताने पर बवाल, FIR; 8 अफसर सस्पेंड

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी के लिए खरीदी गई दो किताबों में मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद, अलगाववादी मकबूल भट और अन्य विवादित चेहरों को महिमामंडित किए जाने का मामला सामने आने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

मामले में पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) समेत कई धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं उपराज्यपाल प्रशासन ने स्कूल शिक्षा विभाग के 8 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

विवादित किताबों में जम्मू-कश्मीर को “भारत अधिकृत कश्मीर” और “भारत के कब्जे वाला कश्मीर” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया है।

प्रतिबंधित संगठन JKLF के संस्थापक मकबूल भट को शहीद बताया गया है, जबकि अलगाववादी नेताओं सैय्यद अलीशाह गैलानी, शब्बीर शाह और मीरवाइज उमर फारूक को प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इन पुस्तकों की सैकड़ों प्रतियां सरकारी स्कूलों में भेजी जा चुकी थीं।

मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने इसे “एकेडमिक जिहाद” बताते हुए किताबों पर प्रतिबंध लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिक्षा विभाग ने दोनों किताबों को तत्काल प्रभाव से वापस मंगाने का आदेश जारी कर दिया है। साथ ही संबंधित लेखकों और प्रकाशकों को जम्मू-कश्मीर में ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जांच के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों की समिति गठित की गई है, जिसे 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और UAPA के तहत मामला दर्ज कर प्रकाशकों के दफ्तरों पर छापेमारी भी की है।

अधिकारियों ने कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण में जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

Exit mobile version