दिल्ली। चेन्नई मेट्रो में लगे एक विज्ञापन को लेकर विवाद शुरू हो गया है। विज्ञापन में गर्लफ्रेंड और फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD के ब्याज की तुलना की गई है। इसमें लिखा है- “Girlfriend May Give 0% Interest”, जबकि THECOS की FD योजना पर 14.4% ब्याज मिलने का दावा किया गया है। विज्ञापन को लेकर DMK सांसद तमिझाची थंगापांडियन ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सांसद ने इसे महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए चेन्नई मेट्रो प्रशासन से विज्ञापन तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि सार्वजनिक परिवहन में इस तरह के विज्ञापन को लगाने की अनुमति कैसे दी गई।
सहकारी संस्था की FD का प्रचार
यह विज्ञापन चेन्नई मेट्रो की एक कोच के अंदर लगाया गया था। इसमें THECOS की FD योजनाओं का प्रचार किया गया है। THECOS यानी Thiruvalluvar Transport Corporation Employees Cooperative Credit Society एक सहकारी संस्था है।
विज्ञापन में निवेश को आकर्षक बताने के लिए गर्लफ्रेंड के साथ FD की तुलना की गई। इसी भाषा को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा शुरू हो गई।
सांसद ने X पर शेयर की तस्वीर
DMK सांसद तमिझाची थंगापांडियन ने विज्ञापन की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की। उन्होंने कहा कि विज्ञापन में महिलाओं को गलत तरीके से पेश किया गया है और यह महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है।
सांसद ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर लगाए जाने वाले विज्ञापनों में भाषा और संदेश को लेकर संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। उन्होंने मेट्रो प्रशासन से विज्ञापन हटाने के साथ उचित कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में सार्वजनिक परिवहन में इस तरह की आपत्तिजनक या महिलाओं की गरिमा को प्रभावित करने वाली भाषा वाले विज्ञापनों को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
मेट्रो प्रशासन की ओर से जवाब नहीं
विवाद के बीच चेन्नई मेट्रो प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब निगाह इस बात पर है कि प्रशासन विज्ञापन को लेकर क्या कार्रवाई करता है।
