ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय से मिले यूपी के मंत्री रामकेश निषाद,’खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की सफलता पर दी बधाई

रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गुरुवार शाम उनके निवास कार्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों सहित खेल और संस्कृति जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

बस्तर आर्ट से किया स्वागत

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे राज्यमंत्री निषाद का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अतिथि को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराते हुए बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और ‘बस्तर पंडुम’ की विशेष पुस्तिका भेंट की।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफलता की गूंज

मुलाकात के दौरान राज्यमंत्री निषाद ने छत्तीसगढ़ में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के सफल और भव्य आयोजन के लिए मुख्यमंत्री को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनजातीय खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ का यह प्रयास देश के लिए एक मिसाल है।

खेल और खिलाड़ियों पर चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यमंत्री निषाद को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुलाकात के दौरान जलशक्ति विभाग की योजनाओं और दोनों राज्यों के आपसी समन्वय पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button