विविधता में एकता ही भारत की असली ताकत : सीएम साय

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि भारत के एकीकरण के निर्माता थे, जिन्होंने अपने साहस, संकल्प और दूरदृष्टि से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोया।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ ‘एकता दौड़’ (Run for Unity) में शामिल होकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र को जोड़ने की भावना हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है, जो भारत की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “भारत एक विविधताओं से भरा देश है, लेकिन यही विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। विविधता में एकता ही भारत की असली पहचान है।”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और आह्वान किया कि सभी लोग प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा दिए गए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
 
				




