केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सीएम साय से की सौजन्य भेंट

रायपुर। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज नवा रायपुर सेक्टर-24 स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने को लेकर सौहार्दपूर्ण एवं रचनात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आत्मीय स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से उन्हें अवगत कराया।
उन्होंने राज्य में मौजूद प्राचीन मंदिरों, आदिवासी संस्कृति, लोककलाओं, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं पर्यटन के रूप में विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जा सकता है।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री शेखावत ने राज्य सरकार द्वारा पर्यटन और संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को राजकीय गमछा पहनाकर सम्मानित किया तथा बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक और बेल मेटल से निर्मित स्मृति-चिन्ह भेंट किया।
भेंट के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।





