रायपुर। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने मंगलवार को राजधानी प्रवास के दौरान रायपुर जिले में संचालित प्रोजेक्ट ’झरिया’ और प्रोजेक्ट ’धड़कन’ का अवलोकन किया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे नवाचार कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी सबसे पहले निमोरा आंगनबाड़ी केंद्र-1 पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रोजेक्ट ’झरिया’ के अंतर्गत बिहान समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे एल्कलाइन वाटर की जानकारी ली। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि यह पानी कांच की बोतलों में पैक किया जाता है। एक बोतल की कीमत 7 रुपये रखी गई है, जबकि 50 रुपये की सिक्योरिटी बोतल वापसी पर वापस मिल जाती है। केंद्रीय मंत्री ने इस पहल को महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
इसके बाद उन्होंने प्रोजेक्ट ’धड़कन’ का निरीक्षण किया। यह प्रोजेक्ट बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की जांच और उपचार हेतु चलाया जा रहा है। श्री सत्य साई अस्पताल के सहयोग से संचालित इस योजना के तहत अब तक 25 बच्चों की पहचान की गई है, जिनमें 4 का ऑपरेशन होना है और शेष 21 बच्चों का इलाज दवाओं से संभव है। केंद्रीय मंत्री ने स्वयं भी हृदय जांच कराई और इसकी गुणवत्ता की प्रशंसा की। उनके साथ मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने भी जांच करवाई। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पिंक ई-रिक्शा की महिला चालकों से भेंट की और उनकी हिम्मत व मेहनत की सराहना करते हुए सवारी भी की। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत बनाएगी।