ChhattisgarhStateNews

एम्स में घायल जवानों से मिले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कहा – देश को है गर्व

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार 15 मई को नई दिल्ली स्थित एम्स ट्रॉमा सेंटर में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान घायल हुए वीर जवानों से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री शाह ने करेगुट्टा पहाड़ियों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में घायल जवानों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें हौसला दिया। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों ने 21 दिनों तक चले इस अभियान में अदम्य साहस दिखाते हुए 31 नक्सलियों को मार गिराया। यह पराक्रम नक्सलवाद पर एक निर्णायक प्रहार है और पूरे देश को अपने बहादुर जवानों पर गर्व है। गृहमंत्री ने कहा, “इन वीर जवानों के समर्पण, साहस और बलिदान से देश में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। देशवासियों को अपने सुरक्षा बलों की क्षमता और प्रतिबद्धता पर पूरा विश्वास है।”

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी जवानों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि घायल जवानों के चेहरे की मुस्कान और आत्मविश्वास देखना प्रेरणादायक है। “आपके साहस और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा,” उन्होंने कहा। दोनों नेताओं ने जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और आश्वस्त किया कि सरकार उनकी हरसंभव सहायता करेगी। यह मुलाकात न केवल घायल जवानों के लिए हौसला बढ़ाने वाली रही, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी।

Related Articles

Back to top button