जगदलपुर पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने किया स्वागत

जगदलपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आज बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया।
उनके आगमन पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। गृहमंत्री शाह यहां ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय ‘बस्तर पण्डुम’ के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा भी उपस्थित रहे।
गृह मंत्री श्री अमित शाह के स्वागत के लिए एयरपोर्ट परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्थानीय कलाकारों ने लोकनृत्य और ढोल-नगाड़ों की मधुर धुनों के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे स्वागत समारोह और भी यादगार बन गया। जनप्रतिनिधियों ने बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किए।
अपने दौरे के दौरान गृहमंत्री शाह ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और सुरक्षा अभियानों की समीक्षा करेंगे तथा बस्तर पण्डुम के समापन समारोह में सहभागिता करेंगे। उनके इस दौरे से बस्तर क्षेत्र के विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





