केंद्रीय बजट 2026-27: विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट भारत के सुनहरे और विकसित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज है।
कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट है, जिसमें देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को केंद्र में रखते हुए आर्थिक विकास व रोजगार वृद्धि, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ को प्रमुख आधार बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि बजट में कृषि, पशुपालन व डेयरी को प्रोत्साहन, ग्रामीण रोजगार सृजन, स्टार्टअप और एमएसएमई को बढ़ावा, पर्यटन के विस्तार तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में बायोफार्मा निवेश जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
जिला अस्पतालों के उन्नयन, इमरजेंसी-ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेद को बढ़ावा भी सराहनीय है।
महिला सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना विस्तार और बालिकाओं के छात्रावास निर्माण की घोषणा को भी मुख्यमंत्री ने नई दिशा देने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि कर सुधारों और रोजमर्रा की वस्तुओं के सस्ती होने से आम जनता को राहत मिलेगी। अंत में मुख्यमंत्री ने बजट के लिए प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री का आभार जताया।





