मामा-भांजी ने कीटनाशक पीकर दी जान; शादी से परिजनों ने किया था इनकार, महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने खेत में देखी लाश

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी जोड़े ने शादी की जिद पूरी न होने पर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है, जहां रिश्ते में ‘मामा-भांजी’ लगने वाले युवक-युवती की लाश एक खेत में बरामद हुई है।
मृतकों की पहचान राकेश अचला (26) और कुमारी जगवती बडडे (20) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के प्यार में थे और शादी करना चाहते थे। चूंकि दोनों रिश्ते में मामा और भांजी लगते थे, इसलिए सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर इस रिश्ते को मंजूरी नहीं मिल रही थी। परिजनों की सख्त मनाही से आहत होकर दोनों ने खौफनाक कदम उठा लिया।
महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखा मंजर
घटना 11 मार्च की रात की है। दोनों टेकामेटा के रहने वाले एक किसान के खेत पहुंचे और वहां कीटनाशक पी लिया। 12 मार्च की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर महुआ बीनने निकले, तो उन्होंने देखा कि दो शव पड़े हैं और उनके मुंह से झाग निकल रहा है। सरपंच की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कीटनाशक की शीशियां बरामद कीं।
मजदूरी करते थे दोनों
थाना प्रभारी रमन उसेंडी के मुताबिक, युवक और युवती मजदूरी का काम करते थे। युवक अक्सर युवती के गांव जाबेली आया-जाया करता था, जहां उनका प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है कि क्या उन्हें किसी ने उकसाया था या यह पूरी तरह आपसी सहमति से लिया गया फैसला था।



