ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

2 ट्रकों की भीषण भिड़ंत: जिंदा जलकर ड्राइवर की मौत, संकरे पुल पर पहले निकलने की होड़ बनी काल

रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला मार्ग पर दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक ड्राइवर केबिन के अंदर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कमलेश प्रसाद देवांगन (52), निवासी सूरजपुर के रूप में हुई है।

संकरे पुल पर पहले निकलने की जिद ने ली जान

हादसा दोपहर करीब 1 बजे कुरकुट नाला के एक संकरे पुल पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रकों के ड्राइवर अपनी गाड़ी पहले निकालने की होड़ में थे। रफ्तार तेज होने के कारण पुल के ऊपर दोनों वाहनों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

कोयला और सरिया लोड थे वाहन

DSP सुशांतो बनर्जी ने बताया कि हादसे का शिकार हुए एक ट्रक में जामपाली माइंस से रेलवे साइडिंग के लिए कोयला लोड था, वहीं दूसरी गाड़ी में सरिया भरा हुआ था।टक्कर इतनी जोरदार थी कि केबिन पूरी तरह पिचक गया, जिससे ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका।

3 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस और दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिसके बाद केबिन से जले हुए शव को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

हादसे के दौरान दूसरी गाड़ी के ड्राइवर ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस हादसे के बाद रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका पहले से ही दुर्घटनाजन्य ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में चिन्हित है।

Related Articles

Back to top button