छात्रा और महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप में दो शिक्षक सस्पेंड

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में दो शिक्षकों द्वारा अनुचित व्यवहार किए जाने के मामले सामने आए हैं, जिसके चलते दोनों को निलंबित कर दिया गया है। ये घटनाएं जिले के दो अलग-अलग स्कूलों की हैं।

पहला मामला कोटा ब्लॉक के धूमा गांव स्थित शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय का है, जहां प्रधान पाठक मनोज कुमार अनंत पर स्कूल की महिला कर्मचारी से बार-बार छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। महिला की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) विजय टांडे ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित की। जांच में आरोप सत्य पाए गए, जिसके बाद प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय शासकीय हाई स्कूल, तेंदुआ में तय किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षक का यह आचरण न केवल शिक्षक की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि महिला सुरक्षा और सरकारी सेवा नियमों का भी उल्लंघन है।

दूसरा मामला तखतपुर ब्लॉक के खरगहना गांव का है, जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ व्याख्याता कल्याण कुमार भोई पर एक छात्रा से अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा। शिकायत और जांच के बाद इस मामले में भी आरोपों को सही पाया गया। इसके बाद उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है।

Exit mobile version