StateNews

हैदराबाद में ISIS से जुड़े दो संदिग्ध गिरफ्तार, बम धमाके की साजिश नाकाम

दिल्ली। हैदराबाद में आतंकी संगठन ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने संयुक्त अभियान चलाकर इस साजिश को विफल किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिराज उर रहमान (29) और सैयद समीर (28) के रूप में हुई है। दोनों पर हैदराबाद में बम धमाके की योजना बनाने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्धों को सऊदी अरब में सक्रिय ISIS मॉड्यूल से निर्देश मिल रहे थे। ये मॉड्यूल भारत में आतंकी हमलों को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने उनके पास से अमोनिया, सल्फर और एल्युमिनियम पाउडर जैसे विस्फोटक बरामद किए हैं। सिराज ने यह सामग्री विजयनगरम से जुटाई थी। सिराज को पहले विजयनगरम से पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने समीर का नाम बताया, जिसके बाद उसे हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों से पूछताछ जारी है और जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। आम जनता से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।

इससे पहले बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट में भी ISIS का कनेक्शन सामने आया था। 1 मार्च को हुए इस धमाके में 10 लोग घायल हुए थे। इसके बाद NIA ने चेन्नई समेत कई जगहों पर छापेमारी कर 5 लोगों को हिरासत में लिया था। हाल ही में NIA ने मुंबई एयरपोर्ट से भी ISIS से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इन पर मुंबई में बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप है।

Related Articles

Back to top button