StateNewsदेश - विदेश

डीजल के लिए पेट्रोल पंप पर भिड़े दो गुट, कैन से किया हमला

दिल्ली। महाराष्ट्र के वाशिम में डीजल की किल्लत के बीच पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा हुआ। शहर के अकोला नाका इलाके स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंचे दो गुट आपस में भिड़ गए।

विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों ने एक-दूसरे पर डीजल के कैन से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, इलाके में डीजल की कमी की खबर फैलने के बाद पेट्रोल पंप पर सुबह से ही लंबी कतार लगी हुई थी।

इसी बीच जैसे ही डीजल से भरा टैंकर पेट्रोल पंप पहुंचा, बड़ी संख्या में लोग और वाहन चालक आगे निकलकर पहले डीजल भरवाने की कोशिश करने लगे। लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के लोग डीजल रखने वाले प्लास्टिक कैन और डिब्बों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और पेट्रोल पंप पर व्यवस्था बहाल कराई। हालांकि, इस झड़प में कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि डीजल की सप्लाई सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button