देश में मौसम के दो रंग: पहाड़ों पर बर्फबारी से लौटी ठंड, एमपी-राजस्थान में पारा 40°C के पार; आज से लू का अलर्ट

दिल्ली। मार्च के महीने में देश का मौसम दो चरम छोरों पर नजर आ रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जहां ताजा बर्फबारी से एक बार फिर ‘विंटर रिटर्न’ जैसी स्थिति है, वहीं मैदानी इलाकों में सूरज आग उगलने लगा है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे मौसम विभाग ने लू (Heatwave) का अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ों में हिमपात: हिमाचल-उत्तराखंड में लुढ़का पारा
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में पिछले 24 घंटों से बर्फबारी का दौर जारी है। हिमाचल के लाहौल-स्पीति और अटल टनल (रोहतांग) के पास भारी बर्फबारी हुई है। मनाली में तापमान 7 डिग्री गिरकर 12.6°C पर आ गया है।
उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। मौसम विभाग ने आज पांच जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है।
मैदानी इलाकों में ‘हीट टॉर्चर’: MP में लू की चेतावनी
पहाड़ों की ठंडक के उलट, मध्य भारत और पश्चिम भारत भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में पारा 40.2°C रिकॉर्ड किया गया। रतलाम और धार समेत 10 शहरों में तापमान 38°C के पार है। आज यहां ‘हीटवेव’ का अलर्ट है।
राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि, बादलों की आवाजाही से आगामी दिनों में हल्की राहत की उम्मीद है।
14-15 मार्च को बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 15 मार्च से गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
पंजाब-हरियाणा में चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में अगले 4 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में फिलहाल मौसम शुष्क और गर्म रहेगा, लेकिन 15 मार्च के बाद बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है।





