बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है।
दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर उन्हें बधाई दी और आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां देश का नाम रोशन करेंगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जशपुर जिले के कांसाबेल ब्लॉक के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं।
उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।
वह खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में भी हिस्सा ले चुकी हैं और अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
वहीं कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने कोच शिवा चौहान से हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग ली।
गीता पहले ही भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड-बेल्जियम (2024), अर्जेंटीना (2025) और इंग्लैंड-स्कॉटलैंड (2026) दौरे पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
दोनों खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं का परिणाम माना जा रहा है।
अब पूरे प्रदेश की निगाहें चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप पर होंगी, जहां ये दोनों खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए मैदान में उतरेंगी।
