ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जशपुर में तिहरे हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार

जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के साजबहार गांव में महिला और उसके दो बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी प्रमोद गिद्धी को रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मृतका सुभद्रा ठाकुर का प्रेमी था। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध और चरित्र शंका के चलते उसने पहले महिला की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की, फिर उसके दो बच्चों को भी मारकर नदी किनारे दफना दिया।

23 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में तीन लोगों की हत्या की बात कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 2 घंटे की खोजबीन के बाद नदी किनारे बालक (6 वर्ष) और बालिका (14 वर्ष) के शव बरामद किए। कुछ दूर जंगल में महिला (36 वर्ष) का शव भी मिला।

जांच में पता चला कि आरोपी घटना के बाद भाग गया था और साउथ इंडिया भागने की फिराक में था। प्रमोद पहले भी रांची में काम कर चुका था, इस आधार पर पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने रांची भेजी गई। टेक्निकल सर्विलांस से मिले इनपुट पर आरोपी को रांची से दबोच लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कबूला कि उसने चरित्र शंका के चलते तीनों की हत्या की। रास्ते में पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने 8 घंटे पहले जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उसकी हालत ठीक है।

फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था। सफल गिरफ्तारी करने वाली टीम को नगद इनाम दिया गया है।

Related Articles

Back to top button