रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आयोजित कुश्ती स्पर्धा के तीसरे दिन भी रोमांच चरम पर रहा। खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक दांव-पेंच लगाए और जीत के लिए पूरा जोर लगाया। दर्शकों को पूरे दिन कांटे के मुकाबले देखने को मिले, जहां हर बाउट में जीत-हार आखिरी क्षण तक तय होती नजर आई।
महिला वर्ग में 53 किलोग्राम भारवर्ग में झारखंड की नेहा ओरांव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। असम की प्रतिमा खाखलरी को रजत पदक मिला, जबकि असम की मैनारी खाखलरी और मिजोरम की लालवेनहीमी ने कांस्य पदक हासिल किया। इसी तरह महिला सीनियर 76 किलोग्राम वर्ग में कर्नाटक की मनीषा जुवाव सिद्दी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। हिमाचल प्रदेश की मुस्कान को रजत और मिजोरम की लालहमंगहिसंगी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
पुरुष वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। ग्रीको-रोमन 60 किलोग्राम वर्ग में कर्नाटक के रोहन एम दोद्दामनी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। राजस्थान के दिनेश सोलंकी ने रजत और मेघालय के झु पा यू झु नोंगतडु ने कांस्य पदक जीता। फ्रीस्टाइल 97 किलोग्राम वर्ग में जम्मू-कश्मीर के हमाम हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि हिमाचल प्रदेश के मोहित कुमार को रजत और जम्मू-कश्मीर के मोहम्मद वसीम चौधरी को कांस्य पदक मिला।
इसके अलावा ग्रीको-रोमन 87 किलोग्राम वर्ग में हिमाचल प्रदेश के पीयूष गुज्जर ने स्वर्ण, जम्मू-कश्मीर के रियाज हुसैन ने रजत और हिमाचल प्रदेश के टेकचंद ने कांस्य पदक जीता। वहीं फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम वर्ग में बिहार के मुलायम खरवार ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। राजस्थान के राकेश मीणा को रजत और कर्नाटक के केम्पानगौड़ा वी केम्प्पणवार को कांस्य पदक मिला।
कुल मिलाकर, कुश्ती स्पर्धा के तीसरे दिन खिलाड़ियों के जोश, तकनीक और संघर्ष ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। अब आगामी मुकाबलों को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
