बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बिरनपुर हिंसा मामले में करीब दो साल बाद आज से ट्रायल शुरू हो रहा है। रायपुर की स्पेशल कोर्ट में 8, 9 और 10 अक्टूबर को गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इस केस में मृतक भुनेश्वर साहू के पिता एवं भाजपा विधायक ईश्वर साहू समेत कुल 23 गवाह पेश होंगे। CBI ने नवंबर 2024 में चार्जशीट दायर की थी। चार्जशीट में किसी राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति का नाम शामिल नहीं है।
CBI की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि भीड़ ने भुनेश्वर साहू पर जानलेवा हमला किया और पुलिस अफसरों पर पत्थरबाजी की। थाना साजा के सब-इंस्पेक्टर बिनुराम ठाकुर मौके पर पहुंचे तो भीड़ ने चिल्लाया, “मुख्तार, अकबर, जनाब, जलील-पुलिसवाले को पत्थर मारो।” इसके बाद पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपी अब्बास मोहम्मद समेत कई लोगों ने पत्थर, ईंट और चाकू से हमला किया। भुनेश्वर साहू को मस्जिद के पास ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। बाद में उनके माता-पिता ने उन्हें गंभीर हालत में कम्युनिटी हेल्थ सेंटर साजा पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया।
चार्जशीट के अनुसार 8 अप्रैल 2023 को बच्चों के बीच साइकिल टकराने के विवाद से मामला बढ़ा। स्कूल से लौटते समय चंचल साहू और सलीम खान के बीच विवाद हुआ, जिससे कुलेश्वर साहू घायल हो गया। इसके बाद दोपहर में पंचायत के दौरान मुस्लिम समुदाय की भीड़ ने ईंट-पत्थर और हथियारों से हमला किया। प्रारंभिक जांच में 12 लोग आरोपी बने, बाद में CBI ने 6 और नाम जोड़े। कुल 18 आरोपी अब तक शामिल हैं, जिनमें नए आरोपियों पर पुलिस पर पथराव करने का आरोप है।
हिंसा के बाद बिरनपुर में धारा 144 लागू की गई थी। भुनेश्वर की मौत के दो दिन बाद पिता-पुत्र रहीम मोहम्मद और ईदुल मोहम्मद की लाशें मिलीं। उनके हत्यारों में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। अब इस केस का ट्रायल शुरू हो गया है, जिसमें गवाहों के बयान दर्ज होंगे और आरोपी पर सजा तय की जाएगी।