
मनीष शरण@बिलासपुर. छत्तीसगढ़ बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा करना एक परिवार को इतना महंगा पड़ गया कि, क्षेत्र की स्व सहायता समूह की दर्जनों महिलाओं ने उनके घर में हमला बोल दिया… धारदार हथियार और लाठी-डंडे से लैस इन महिलाओं ने जो उत्पात मचाया उसका सोशल मीडिया में वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आखिरकार सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब मामले में गंभीरता से जांच कार्रवाई की बात कही जा रही है।
नाराज स्व सहायता समूह की महिलाओं ने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर जमकर हंगामा मचाया
बिलासपुर छत्तीसगढ के दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में पेड़-पौधे लगाने से नाराज स्व सहायता समूह की महिलाओं ने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर जमकर हंगामा मचाया। उन्होंने युवती और महिला पर हमला भी कर दिया। महिलाओं की दबंगई का VIDEO भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं मिलकर एक युवती की डंडे से पिटाई करती नजर आ रही हैं। पुलिस ने मामले में समूह की महिलाओं पर बलवा का केस दर्ज कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार हेमीन वस्त्रकार मंगला के दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में रहती हैं। वे गृहणी हैं। उन्होंने अपने घर के सामने की जमीन को घेरकर उसमें पौधे लगाए हैं। आवासीय कॉलोनी से लगे ग्राम लोखंडी में महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय हैं, जो आवासीय कॉलोनी शासकीय जमीन पर कब्जा करने का विरोध कर रही हैं। रविवार दोपहर समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंच गईं। उनके हाथ में लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी रखा था।