StateNewsदेश - विदेश

गुजरात-महाराष्ट्र में मूसलधार बारिश, यूपी में बिजली गिरने से 10 की मौत; दिल्ली-हरियाणा में जल्द पहुंचेगा मानसून

दिल्ली। देश में मानसून ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और राजस्थान में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

गुजरात के अहमदाबाद, वापी और राजकोट में बारिश के कारण सड़कों, घरों और दुकानों में पानी भर गया है। सावरकुंडला और राजुला में नदियां उफान पर हैं। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाओं में बीते 24 घंटे में 10 लोगों की जान गई है। अमेठी में SP ऑफिस तक में पानी भर गया। उन्नाव में रेलवे ट्रैक धंस गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश के कारण नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। नासिक में गोदावरी नदी में आई बाढ़ से मंदिर डूब गए हैं। झारखंड के खूंटी में पुल ढहने से सड़क संपर्क टूटा, वहीं रांची में निचले इलाकों में पानी भर गया है। जयपुर में पुलिस थाने में एक फीट पानी जमा हो गया।

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य महाराष्ट्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 2-3 दिन में मानसून दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में पहुंच सकता है। राजस्थान, पंजाब, हिमाचल और झारखंड समेत कई राज्यों में आगामी दिनों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है। देशभर में मानसून की दस्तक ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं बाढ़, जलभराव और बिजली गिरने की घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं।

Related Articles

Back to top button