धान खरीदी के लिए टोकन जारी, किसानों के लिए विशेष व्यवस्था; 31 जनवरी तक चलेगी खरीदी प्रक्रिया

रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी रखने राज्य सरकार ने इस वर्ष 15 नवंबर से 31 जनवरी तक धान खरीदी का समय निर्धारित किया है।
कुल लगभग 50 कार्य दिवसों में खरीदी पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व की तरह इस बार भी टोकन प्रणाली के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है।
टोकन वितरण में नई व्यवस्था
राज्य शासन के निर्देशानुसार किसानों की भूमि धारिता के आधार पर टोकन जारी किए जा रहे हैं।
- 2 एकड़ तक के किसानों को 1 टोकन,
- 2 से 10 एकड़ तक के किसानों को अधिकतम 2 टोकन,
- 10 एकड़ से अधिक वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन दिए जा रहे हैं।
किसान उपार्जन केंद्र से सीधे टोकन ले सकते हैं। साथ ही टोकन तुहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी स्वयं टोकन जनरेट किया जा सकता है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है, जिससे किसानों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ रही।
शिकायतों के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था
धान खरीदी से संबंधित सभी शिकायतें एवं सुझाव खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज कराई जा सकती हैं। जिले में अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। यह केंद्र धान रीसाइक्लिंग रोकने, बिचौलियों की गतिविधियों पर निगरानी और उठाव-परिवहन की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है।
प्रशासन की अपील
किसानों से कहा गया है कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही केंद्र लाएं, ताकि नमी 17% से अधिक न हो। धान साफ-सुथरा और अशुद्धियों से मुक्त होना चाहिए। केंद्र पहुंचते समय टोकन, ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड अवश्य साथ रखें। प्रशासन ने सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करेंगे तो खरीदी कार्य सुचारू और समय पर पूर्ण हो सकेगा।





