StateNewsदेश - विदेश

TMC ने राज्यसभा के लिए 4 उम्मीदवार उतारे, मेनका गुरुस्वामी का नाम शामिल; जीतीं तो बनेंगी पहली LGBTQ सांसद

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने शुक्रवार शाम राज्यसभा चुनाव के लिए अपने चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। इनमें केंद्रीय मंत्री रह चुके बाबुल सुप्रियो, पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, सुप्रीम कोर्ट की सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी और जानी-मानी बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक शामिल हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

पश्चिम बंगाल समेत देश के 10 राज्यों में राज्यसभा की कुल 37 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। इन सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में 5 सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से 4 पर TMC की जीत लगभग तय मानी जा रही है। विधानसभा में मजबूत बहुमत के चलते पार्टी को चार सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि एक सीट भाजपा को मिल सकती है।

इन उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा चर्चा सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी को लेकर हो रही है। मेनका LGBTQ समुदाय से हैं और यदि वे जीतती हैं तो राज्यसभा में पहुंचने वाली पहली LGBTQ सांसद बनेंगी। उन्होंने 2018 में धारा 377 को खत्म कराने वाली ऐतिहासिक कानूनी लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी, जिससे समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर किया गया। उन्हें 2019 में TIME मैगजीन ने दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल किया था।

बाबुल सुप्रियो पहले भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और 2021 में TMC में शामिल हुए थे। वर्तमान में वे ममता बनर्जी सरकार में मंत्री हैं। राजीव कुमार पूर्व आईपीएस अधिकारी और पश्चिम बंगाल के डीजीपी रह चुके हैं, जबकि कोयल मल्लिक लोकप्रिय अभिनेत्री और वरिष्ठ अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं। TMC का यह कदम सामाजिक समावेशन, विविधता और जनप्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button