TMC का आरोप- भवानीपुर के RO पर उठे सवाल: सुवेंदु अधिकारी से नजदीकी का दावा; हटाने की मांग

दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कोलकाता की भवानीपुर सीट के रिटर्निंग ऑफिसर (RO) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल को शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा है कि संबंधित RO, बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। TMC ने मांग की है कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए तत्काल RO को हटाया जाए।
भवानीपुर सीट इस बार हाई-प्रोफाइल मुकाबले का केंद्र बनी हुई है, जहां सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। TMC का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मुकाबले में किसी भी तरह की पक्षपात की आशंका लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
इधर, केरल में चुनाव आयोग ने युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए अनोखी पहल की है। 18 से 30 वर्ष के वोटर्स को फ्री कैब राइड की सुविधा दी जाएगी, ताकि वे आसानी से मतदान केंद्र तक पहुंच सकें। इसके अलावा, पहले वोट डालने आने वाले मतदाताओं को हलवा खिलाने की भी योजना बनाई गई है। कुछ बड़े ब्रांड्स द्वारा युवाओं को विशेष डिस्काउंट देने की तैयारी भी की गई है।
तमिलनाडु में भी चुनावी गतिविधियां तेज हैं। तिरुनेलवेली में चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वॉड ने प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के काफिले की जांच की। वहीं, लालगुडी में 50 लाख रुपए कैश जब्त किए गए, जिसका कोई वैध हिसाब नहीं मिला। यह रकम एक उम्मीदवार के रिश्तेदार के घर से बरामद हुई।
इसके अलावा, TVK प्रमुख विजय के नामांकन को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। उनके दो अलग-अलग हलफनामों में केस से जुड़ी जानकारी में अंतर पाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। मतगणना के बाद भी केंद्रीय बलों की 500 कंपनियां राज्य में तैनात रहेंगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। आयोग का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।





