ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में निकली तिरंगा यात्रा

बिलासपुर। भारतीय सेना द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में शनिवार को बिलासपुर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस आयोजन का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जागृत करना और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
बिलासपुर शहर में सुबह के समय स्कूली बच्चों ने स्केटिंग करते हुए एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा साइंस कॉलेज मैदान से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। स्केटिंग कर रहे बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के नारों ने वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। स्थानीय लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए सड़क के किनारे खड़े होकर तालियों से स्वागत किया।
बिल्हा में भूपेंद्र सवन्नी के नेतृत्व में निकली यात्रा
बिल्हा नगर पंचायत क्षेत्र में तिरंगा यात्रा का आयोजन क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी के नेतृत्व में हुआ। इस यात्रा में पुरुष, महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ लोग उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए। लोगों ने भारतीय सेना की वीरता और साहस को सलाम करते हुए गर्व की अनुभूति व्यक्त की।
रतनपुर में भी दिखा उत्साह, संपन्न हुई यात्रा
रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा नगर के प्रमुख स्थल महामाया चौक में समाप्त हुई। यहां भी स्थानीय लोगों ने देश के जवानों के प्रति सम्मान जताते हुए बड़ी संख्या में भागीदारी की। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
शाम को निकलेगी मुख्य तिरंगा यात्रा
बिलासपुर शहर में शाम 4 बजे से मुख्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मिनी स्टेडियम गांधी चौक से शुरू होकर लखीराम अग्रवाल स्मृति ऑडिटोरियम तक जाएगी। इस यात्रा में पूर्व सैनिक, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के सदस्य, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे। आयोजकों ने आम जनता से भी यात्रा में शामिल होने की अपील की है।