कैंसर की समय पर जांच और इलाज जरूरी, स्वस्थ मानव संसाधन पर फोकस

रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए इस युवा मानव संसाधन का स्वस्थ रहना जरूरी है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के साथ जागरूकता, समय पर जांच, शुरुआती पहचान और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करना होगा।

वित्त मंत्री रविवार को नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer और टाटा मेमोरियल सेंटर की ओर से आयोजित BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में शामिल हुए। ‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में उन्होंने देशभर से पहुंचे कैंसर विशेषज्ञों का स्वागत किया।

35 साल से कम उम्र की 65% आबादी

ओपी चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष और छत्तीसगढ़ की करीब 24 वर्ष है। देश की लगभग 65% आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। उन्होंने कहा कि आने वाले 10-20 वर्षों में आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियां भी बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार जरूरी है। स्वस्थ मानव संसाधन किसी भी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। इसलिए चिकित्सा क्षेत्र में शोध, विशेषज्ञ सेवाओं और आधुनिक उपचार सुविधाओं पर समय रहते निवेश करना जरूरी है।

छत्तीसगढ़ में बढ़े मेडिकल कॉलेज

वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में प्रदेश में सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था। उस समय मेडिकल सीटों की संख्या भी सीमित थी। अब राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ रही है और आने वाले दो वर्षों में यह संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

विशेषज्ञों से ज्ञान साझा करने का अवसर

ओपी चौधरी ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से प्रदेश में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव से देशभर के विशेषज्ञों को अपने अनुभव और नई उपचार पद्धतियां साझा करने का अवसर मिलता है। इससे कैंसर उपचार को अधिक प्रभावी और मरीज-केंद्रित बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने नवा रायपुर के नियोजित और हरित विकास का उल्लेख करते हुए देशभर से आए चिकित्सकों से शहर को देखने और समझने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए कैंसर विशेषज्ञ, चिकित्सक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version