देश के 30 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान, ओडिशा-पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। आज रविवार को भारत के 30 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। साथ ही, आने वाले दो दिनों में कई जगहों का तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
शनिवार को दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और तूफान आया। राजस्थान के कोटा और भरतपुर जैसे जिलों में बारिश हुई। आज भी राजस्थान के 30 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के लिए भी गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है। उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। आगरा में तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इससे कई पेड़ और होर्डिंग गिर गए।
दक्षिण भारत में मानसून जल्द आने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस साल मानसून सामान्य से 4 दिन पहले, यानी 27 मई को केरल पहुंचेगा। आमतौर पर मानसून 1 जून को आता है। पूर्वी भारत में गर्मी का असर बढ़ रहा है। ओडिशा के 16 शहरों में तापमान 40°C से ऊपर रहा। संबलपुर में सबसे अधिक 42.7°C रिकॉर्ड किया गया। पश्चिम बंगाल के 5 जिलों में लू (हीटवेव) की स्थिति बनी हुई है।