राजधानी में एक दिन में 3 हत्याएं: हेलमेट से पीटकर बिजनेसमैन की हत्या; रेलवे कर्मी का गला काटा

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हत्या की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पहली घटना कनॉट प्लेस की है, जहां पार्टी से लौट रहे 36 वर्षीय बिजनेसमैन की फूड डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मी नगर निवासी शिवम गुप्ता ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक डिलीवरी एजेंट से पानी मांगा था। इसी बात पर विवाद हुआ और आरोप है कि राइडर ने हेलमेट से सिर पर वार किया। उसके दो साथी भी मौके पर पहुंचे और मारपीट की। शिवम गंभीर रूप से घायल हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना गुलाबी बाग की है, जहां 17 साल के नाबालिग ने एक रेलवे कर्मचारी पर गैस सिलेंडर से हमला कर बाद में उसका गला काट दिया। पुलिस के अनुसार रेलवे टेक्नीशियन संदीप कुमार मालवीय 25 जनवरी से लापता थे।
2 फरवरी को किराए के कमरे से उनका शव मिला। जांच में सीसीटीवी और यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया गया। आरोपी का दावा है कि रेलवे कर्मी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी।
तीसरी वारदात पांडव नगर इलाके में हुई, जहां तीन नाबालिगों ने 22 वर्षीय युवक अरुण राज को चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।



