दिल्ली। उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार रात उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन कोच शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए।
हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को योगनगरी रेलवे स्टेशन से खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर ले जाया जा रहा था। रेलवे सूत्रों के मुताबिक शंटिंग लाइन के आखिर में लगे बफर (डेड एंड) से इंजन टकरा गया, जिसके बाद डिब्बों पर दबाव बढ़ गया। इससे एक बोगी पूरी तरह पटरी से उतर गई, जबकि दूसरी बीच से मुड़ गई।
जानकारी के अनुसार उज्जैनी एक्सप्रेस सोमवार शाम करीब 6 बजे योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को मंगलवार सुबह 6:15 बजे रवाना होना था, इसलिए रात 9:42 बजे इसे यार्ड की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। दुर्घटना में तीन कोच क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त जोरदार आवाज हुई और ट्रेन को तेज झटका लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
घटनास्थल के पास मकान होने के कारण कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। रेलवे कर्मचारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को खाली कराया।
गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि ट्रेन में कोई यात्री नहीं था और तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल रेल सेवाएं प्रभावित नहीं हुई हैं।
हादसे के कारण रायवाला रेलवे फाटक करीब 40 मिनट तक बंद रहा, जिससे आसपास के इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
देर रात तक रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ट्रैक दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त बोगियों को हटाने में जुटी रही। सोशल मीडिया पर हादसे के वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं।
