छत्तीसगढ़ के 4 जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: सरगुजा-जगदलपुर-धमतरी-राजनांदगांव में हाई अलर्ट

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बुधवार को जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
सरगुजा, जगदलपुर, धमतरी और राजनांदगांव जिला कोर्ट के ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसे जिला जज ने रिसीव किया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और कोर्ट परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सरगुजा जिला कोर्ट में एसपी-एएसपी सहित पुलिस बल पहुंचा। बम स्क्वॉयड और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली। कोर्ट के गेट पर मेटल डिटेक्टर के जरिए आने-जाने वाले लोगों की जांच की गई।
कार और बाइक सवारों की भी सघन चेकिंग की गई। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि ई-मेल आउटलुक से आया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है।
इधर, जगदलपुर जिला कोर्ट में भी बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा टीम के साथ पहुंचे और परिसर की सर्चिंग कराई गई। पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच जारी है।
राजनांदगांव जिला कोर्ट को भी सुबह करीब 11:30 बजे धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर को छावनी में बदल दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड ने कमरों, गलियारों और पार्किंग एरिया की बारीकी से जांच की।
बताया जा रहा है कि यहां एनआईए कोर्ट संचालित होने और नक्सल मामलों की सुनवाई के कारण नक्सली कनेक्शन की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी 20 दिन पहले कुछ जिला अदालतों को इसी तरह धमकी मिली थी। फिलहाल सभी कोर्ट परिसरों में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई है।





