CM आवास और सचिवालय को उड़ाने की धमकी, हड़कंप

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री के चंडीगढ़ स्थित आवास ‘संत कबीर कुटीर’ और सचिवालय को फिदायीन हमले से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि हरियाणा CID के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई, जिसमें दोनों स्थानों पर आत्मघाती हमला करने की बात कही गई थी।
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट पर आ गई और मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई। सचिवालय परिसर को खाली कराया गया। सभी कर्मचारियों को बिल्डिंग छोड़ने के निर्देश दिए गए। बम और डॉग स्क्वायड की मदद से तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
घटना के समय मुख्यमंत्री नायब सैनी अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। वे रोहतक के पहरावर गांव में परशुराम जयंती के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। इस धमकी के बाद सचिवालय के बाहर चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी बढ़ा दी गई। इससे पहले 22 मई को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में भी बम स्क्वायड द्वारा तलाशी ली गई थी, लेकिन कुछ नहीं मिला। लगातार मिल रही धमकियों ने चंडीगढ़ में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।