बिलासपुर। बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में बुधवार को आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण ने अपनी जमीन का सीमांकन नहीं होने से परेशान होकर आत्मदाह की चेतावनी दे दी।
सकरी तहसील अंतर्गत ग्राम संबलपूरी निवासी गौरीशंकर सूर्यवंशी ने शिविर में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी भूमि का सीमांकन नहीं कराया गया तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
गौरीशंकर सूर्यवंशी का आरोप है कि वे पिछले लंबे समय से अपनी जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर सीमांकन कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि लगातार प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से वे मानसिक रूप से बेहद परेशान और निराश हैं।
ग्रामीण ने अपने आवेदन में संबंधित राजस्व निरीक्षक (आरआई) पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाने की चेतावनी देनी पड़ी।
शिविर में आत्मदाह की चेतावनी वाला आवेदन सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि समय पर सीमांकन हो जाता तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि संबंधित राजस्व निरीक्षक का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस घटना ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
